Nag Panchami 2022 : कब है नाग पंचमी? जानिए तिथि, शुभ मुहूर्त और महत्व
Nag Panchami 2022 Date : सावन का महीना चल रहा है। वैसे तो इस महीने का अपने आप में खास महत्व है लेकिन इसी महीने में पड़ने वाले कुछ प्रमुख त्योहार इसे और भी ज्यादा महत्वपूर्ण बना देते हैं। इसी महीने में नाग पंचमी भी मनाई जाती है। आइए जानते हैं इस साल नाग पंचमी का त्योहार किस तारीख को पड़ रहा है? इसके साथ ही नाग पंचमी का शुभ मुहूर्त और महत्व क्या है?

कब है नाग पंचमी – Nag Panchami 2022 Date
यह त्योहार हर साल श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। इस बार यह तिथि 2 अगस्त 2022 के दिन पड़ रही है। इस कारण नाग पंचमी का त्योहार 2 अगस्त को मनाया जाएगा। बता दें कि इस दिन नाग देवता की पूजा का बेहद खास महत्व होता है। कहा जाता है कि इस दिन नाग देव की पूजा से सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं।
शुभ मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, नाग पंचमी तिथि की शुरूआत 2 अगस्त को सुबह 5 बजकर 13 मिनट से हो जाएगी। वहीं 3 अगस्त को सुबह 5 बजकर 41 मिनट पर तिथि का समापन होगा। वहीं इसकी पूजा का शुभ मुहूर्त 2 अगस्त सुबह 5:43 बजे से शुरू होकर सुबह 8:25 बजे तक रहेगा।
Also Read : Raksha Bandhan 2022 : इस बार थोड़ा संभलकर मनाएं रक्षाबंधन
पूजा विधि
इस दिन नाग देवता के दर्शन का विशेष महत्व होता है। इस दिन वासुकी, अनन्त, पद्म, महापद्म, कुलीर, तक्षक, शंख, कर्कट, कालिया या पिंगल नामक नाग देवों की पूजा की जाती है। इस दिन घर के दरवाजे पर नाग देव की आठ आकृतियां बनाई जाती हैं। इसके बाद हल्दी, रोली, चावल और फूल अर्पण कर नाग देव की पूजा करनी चाहिए। वहीं मिष्ठान का भोग लगाकर नाग देवता की कथा सुननी चाहिए। पूजा के पश्चात कच्चे दूध में घी, चीनी मिलाकर उसे किसी लकड़ी पर रखकर नाग देवता को अर्पित करना चाहिए।
नाग पंचमी का महत्व
मान्यता के मुताबिक, इस दिन नाग देवता की पूजा करने से जीवन सुखमय होता है। मनोकामनाएं पूरी होती हैं। वहीं माना जाता है कि अगर इस दिन किसी व्यक्ति को साक्षात नाग देवता के दर्शन हो जाते हैं तो वह उस व्यक्ति के लिए बेहद शुभ होता है। इस दिन नाग देवता को दूध पिलाने से मनुष्य अक्षय पुण्य की प्राप्ति कर सकता है।